आंदर में डकैती की साजिश नाकाम, आठ अपराधी गिरफ्तार; दो अवैध हथियार व 10 कारतूस बरामद
सीवान, 09 जुलाई (हि.स.)। सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे आठ अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी वारदात टाल दी।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो अवैध हथियार, 10 कारतूस, एक कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ आंदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 8 जुलाई को आंदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम गड़ार में कुछ अपराधी हथियारों के साथ डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में हुसैनगंज थाने के बघौनी निवासी स्व. लाल बहादुर चौहान का पुत्र प्रकाश कुमार, प्रभु बिन का पुत्र दिलीप कुमार, भगरासन बिन का पुत्र गोलू कुमार, हरिंद्र बिन का पुत्र अमित कुमार, स्व. मदन मांझी का पुत्र अभिषेक कुमार, अनिल साह का पुत्र अनुज कुमार एवं आंदर थाने के भरौली निवासी स्व. जयप्रकाश प्रसाद का पुत्र अजीत कुमार बिन उर्फ अमर शामिल है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस, एक कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में आंदर थाना में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अजीत कुमार बिन उर्फ अमर के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, डकैती की साजिश, डकैती तथा एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पूर्व से दर्ज हैं।
वहीं प्रकाश कुमार के खिलाफ भी बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कई कांड दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma