नालंदा जिले में एआई तकनीक का दुरुपयोग कर छात्रा से 17लाख की जेवर की ठगी की
नालंदा, बिहारशरीफ 31 अक्टूबर (हि.स.)।ऑनलाइन क्लास के दौरान हुई पहचान के बाद एक युवक ने एआई तकनीक का दुरुपयोग कर छात्रा की सामान्य तस्वीर को अश्लील रूप देकर पूरे परिवार को ब्लैकमेल किया। तस्वीर वायरल करने और पिता को गोली मारने की धमकी देकर आरोपी ने छात्रा से करीब 17 लाख रुपये के जेवर और नकदी ठग लिए।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर शनिवार को हरनौत थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हरनौत थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ऑनलाइन क्लास करती थी। इसी दौरान टेलीग्राम पर उसकी पहचान एक युवक से हुई। आरोप है कि करीब छह माह पहले आरोपित ने छात्रा की घरेलू कपड़ों में ली गई सामान्य तस्वीर को एआई तकनीक से एडिट कर अश्लील बना दिया। इसके बाद तस्वीर टेलीग्राम पर भेजकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
30 सितंबर को युवक ने छात्रा को बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर में मिलने के लिए बुलाया। उसने धमकी दी कि घर के जेवर और रुपये लेकर नहीं पहुंची तो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसके पिता को गोली मार देगा।धमकी से डरी छात्रा 16 अक्टूबर की शाम करीब चार से पांच बजे के बीच आरोपित के बताए स्थान पर पहुंची। हरनौत जाने वाले रास्ते पर उसने अपनी दो शादीशुदा बड़ी बहनों और मां के जेवरात आरोपित को सौंप दिए। इनमें करीब 100 ग्राम सोना, 800 ग्राम चांदी और 70 हजार रुपये नकद शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।18 अक्टूबर को मां ने जब बक्सा खोला तो जेवरात गायब मिले। यह देखकर वह बेहोश हो गईं। होश में आने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई।
आरोप है कि 19 अक्टूबर को भी युवक ने तस्वीर भेजकर उसे प्रताड़ित किया और पुलिस या प्रशासन को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे