पैसे के लेन-देन के विवाद में बालक को बनाया बंधक, तीन गिरफ्तार
नालंदा, बिहारशरीफ 10 अक्टूबर (हि.स.)।कतरीसराय थाना क्षेत्र के बिलारी मोड़ के समीप ईंट-भट्ठे के पास से पुलिस ने राजगीर के एक विधिविरुद्ध बालक को बरामद किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कतरीसराय के अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार शनिवार को पुलिस गश्ती दल के साथ क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान बिलारी मोड़ के समीप ईंट-भट्ठे के पास से किसी व्यक्ति के हल्ला करने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उन्होंने एसआई धर्मेंद्र कुमार और एसआई मुकेश कुमार के सहयोग से मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां से चार लोगों को हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि पैसे के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर चार लोग राजगीर के एक विधिविरुद्ध बालक को अपने साथ लाए थे। आरोप है कि वे बालक से बकाया पैसे की मांग कर रहे थे। पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की जा रही थी और धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने बालक को सकुशल बरामद कर लिया और मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के फतहा गांव निवासी रितेश कुमार, ठेरा गांव निवासी शिवम कुमार, तथा सिमरी बिगहा गांव निवासी सूरज कुमार है। वहीं, वारिसलीगंज थाना क्षेत्र का निवासी एक अन्य आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे