तालाब में डुबने से दंपति की मौत
Bihar, 08 अक्टूबर (हि.स.)।अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में आज गुरुवार को एक हादसे में पति-पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकाें में 50 वर्षीय धनकेश्वर मांझी और उनकी पत्नी धनकेसरी देवी, निवासी शेरपुर है।
बताया जाता है कि गांव के उत्तर दिशा स्थित खघां अहरा के पास दशम श्राद्ध का कार्यक्रम आयोजित था। धनकेश्वर मांझी अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचे थे। दोनों तालाब के किनारे कपड़े धो रहे थे। इसी दौरान आंखों से दिव्यांग धनकेश्वर मांझी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।पति को डूबता देख धनकेसरी देवी उन्हें बचाने के लिए तत्काल तालाब में कूद गईं। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वह भी पानी में डूब गईं। घटना के समय तालाब के आसपास कुछ महिलाएं स्नान कर रही थीं। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इस घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई गई लेकिन उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव तालाब से बरामद किए गए।
घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे