नालंदा जिले में सिलेंडर फटने से लगी आग,परिवार के 6 सदस्य जख्मी
नालंदा, बिहारशरीफ 24 सितंबर (हि.स.)।हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव में गुरुवार को नए गैस सिलिंडर का शुभारंभ करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। रसोई में लीकेज से फैली गैस में आग लग गयी। हादसे में गृहस्वामी की बहू, उसके तीन बच्चे और दो पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों में मनोहर सिंह की बहू प्रियंका देवी, उनके तीन बच्चे और पड़ोसी पप्पू कुमार व मिस्त्री ननकू शामिल हैं। गंभीर रूप से झुलसे पप्पू कुमार को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ ले जाया गया, जहां से रेफर करने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। शेष पांच घायलों का इलाज कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
घटना के संबंध में परिजन ने बताया कि मनोहर सिंह के बड़े बेटे धीरज कुमार का परिवार मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अलग रहता है। आज गुरुवार को ही नया सिलिंडर आया था। धीरज की पत्नी प्रियंका देवी खीर बनाकर शुभारंभ करना चाहती थीं। उन्होंने सिलिंडर से चूल्हा जोड़ा और किसी काम से बाहर निकल गईं। इसी दौरान सिलिंडर से गैस लीक होकर पूरे रसोई में फैल गई।कुछ देर बाद प्रियंका दूध का बर्तन चढ़ाने रसोई में गईं और माचिस जलाई, जिससे लीक गैस ने आग पकड़ ली।वह चीखते हुए बाहर भागीं। शोर सुनकर पड़ोसी पप्पू कुमार और पास में काम कर रहे मिस्त्री ननकू दौड़े। जैसे ही वे रसोई के पास पहुंचे, तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि रसोई के दरवाजे के चीथड़े उड़ गए और दीवार में दरार आ गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे