नालंदा जिले के गिरियक में स्मैक की खरीद-बिक्री का खुलासा, चार गिरफ्तार
नालंदा, बिहारशरीफ 22 सितंबर (हि.स.)।नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज मंगलवार को अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 80 पुड़िया स्मैक पाउडर, छह स्मार्टफोन और दो बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जाता है कि गिरियक थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि बंगाली बिगहा स्थित पवन ईंट-भट्ठा के पास दो बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे पांच लोग स्मैक पाउडर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया और पुलिस टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की गई।पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद पांचों व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल से भागने लगे। सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने चार लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। गिरफ्तार लोगों की तलाशी लेने पर उनके पास से सफेद रंग के कागज की पुड़िया में मोड़ा हुआ स्मैक पाउडर बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार कुल 80 पुड़िया स्मैक पाउडर बरामद किया गया। इसके अलावा छह स्मार्टफोन और दो बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत जब्त करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों में राहुल कुमार (24 वर्ष), पिता विजय कुमार, निवासी गिरियक थाना क्षेत्र; रौशन कुमार (24 वर्ष), पिता अलखदेव यादव, निवासी सिकंदरा; अमन राज (25 वर्ष), पिता स्व. अमिरक प्रसाद, निवासी काली बिगहा तथा मंटु कुमार (23 वर्ष), पिता राजकुमार यादव, निवासी सिकंदरा, सभी थाना गिरियक, जिला नालंदा शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे