नालंदा जिले में अवैध तरीके से रूपए निकासी करती एक महिला जालसाज गिरफ्तार

 

नालंदा, बिहारशरीफ 10 सितंबर (हि.स.)।नालंदा जिले में साइबर कैफे और सीएसपी केंद्रों पर जाकर अवैध तरीके से रुपये की निकासी करने वाली एक महिला को दुकानदारों ने गुरुवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला रहुई थाना क्षेत्र के इतासंग का है।

महिला के रुपये निकालने के कुछ समय बाद साइबर कैफे और सीएसपी संचालकों के बैंक खातों में राशि होल्ड या फ्रीज होने की शिकायत सामने आ रही थी। इससे परेशान दुकानदारों ने आपस में समन्वय कर महिला को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। नालंदा थाना पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से महिला अलग-अलग स्थानों पर स्थित साइबर कैफे और सीएसपी केंद्रों पर पहुंचकर रुपये की निकासी कर रही थी। निकासी के बाद संबंधित दुकानदारों के बैंक खातों में राशि होल्ड या फ्रीज होने लगी। लगातार ऐसी शिकायत मिलने के बाद दुकानदारों ने महिला की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसके बाद उसके दोबारा इतासंग स्थित साइबर कैफे पहुंचने पर दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

गिरफ्तार महिला की पहचान कतरीसराय थाना क्षेत्र के अनुज कुमार की पत्नी गुड़िया कुमारी है।साइबर डीएसपी ऋषभ आनंद ने बताया कि साइबर कैफे और सीएसपी संचालकों की शिकायत के आधार पर महिला को पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में उसके द्वारा अलग-अलग केंद्रों से रुपये की निकासी किए जाने की बात सामने आई है। निकासी के बाद दुकानदारों के खातों में राशि होल्ड या फ्रीज होने की शिकायत मिली थी। पुलिस महिला के मोबाइल फोन और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे