नालंदा जिले में चाकू से गोदकर युवक की हत्या

 


नालंदा, बिहारशरीफ 31 जुलाई (हि.स.)।बिंद थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में गुरुवार की देर शाम भूमि-विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक नौरंगा निवासी स्व. युगल केवट के 42 वर्षीय पुत्र अमरजीत केवट हैं। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार सुबह दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। सुलह के बाद अमरजीत खेत से दोपहर करीब 3 बजे खाना खाने घर लौटे। इसी दौरान आरोपित अपने दर्जनों सहयोगियों के साथ घर में घुस गए और चाकू-भाला से हमला कर दिया। सिर, चेहरा, हाथ-पैर समेत पूरे शरीर पर गहरे जख्म थे।परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक के पुत्र शिवराज कुमार ने सात लोगों को नामजद कर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि दो आरोपित नरेश पासवान और मंटू पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे