नालंदा जिले में पुलिस अभिरक्षा में आरोपी की मौत

 

नालंदा, बिहारशरीफ 25 मई (हि.स.)। नालंदा जिले के परबलपुर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपित की तबीयत बिगड़ने से सोमवार को मौत हो गई।

बताया जाता है कि पुलिस अभिरक्षा में मारपीट के आरोपी को 25 मई की अहले सुबह पकड़ा गया था और दिन के 11 बजे उन्हें हिलसा कोर्ट ले जाया जा रहा था, उसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक सलेमपुर गांव निवासी संजीत कुमार हैं। ग्रामीण संजीव कुमार ने संजीत समेत पांच को आरोपित कर 1 मई को मारपीट का केस कराया था। पुलिस ब्रेन हेमरेज से मौत का अंदेशा जता रही है। हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि पुलिस आरोपित को हिलसा कोर्ट ले जा रही थी। उसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। परबलपुर अस्पताल से आरोपित को सदर अस्पताल फिर विम्स रेफर कर दिया। इसके बाद पटना के पीएमसीएच जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ब्रेन हैमरेज से मौत का अंदेशा है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के नियमों के अनुसार दंडाधिकारी की तैनाती कर मेडिकल बोर्ड गठित कर शव का पटना में पोस्टमार्टम कराया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण स्पष्ट होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे