नालंदा जिले के दो क्लिनिकों में प्रसूता व नवजात की मौत पर हंगामा

 

नालंदा, बिहारशरीफ 11 अप्रैल (हि.स.)। नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में शनिवार को परिजन महिला का शव लेकर आ गए और हंगामा करने लगें। हंगामा होने पर क्लिनिक छोड़ डॉक्टर फरार हो गए। मृतका नवादा जिला के नारदीगंज थाना क्षेत्र के केसौरिया गांव निवासी मिट्टू यादव की 32 वर्षीया पत्नी सोनी देवी हैं।

मृतका के पति ने बताया कि शुक्रवार की रात में क्लिनिक में ऑपरेशन कर महिला का प्रसव कराया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। प्रसूता की मौत होने पर एंबुलेंस में उसे रखकर रेफर कर दिया।एनएमसीएच में डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि ऑपरेशन में जरूरी अंग कटने से महिला की मौत हुई है। जिस नवजात को क्लिनिक में सीरियस बताया गया उसे पटना के डॉक्टर ने स्वस्थ बताया।

हंगामा की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शहर के कई डॉक्टर भी मामले को सुलह कराने पहुंचे थे। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि लिखत शिकायत मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई होगी।इसी तरह सोहसराय थाना क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में शनिवार को नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मृतक नवादा जिला निवासी पदुमन कुमार का नवजात पुत्री थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों पक्षों में सुलह करा दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे