वाहन जांच में चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार, मास्टर चाबी भी बरामद
सीवान, 08 जुलाई (हि.स.)। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी की एक बाइक, दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली थाना क्षेत्र रामपुर सहरोना निवासी मोतीलाल पासवान का पुत्र विनोद पासवान एवं सीवान जिले के दारौंदा थाने के कोराड़ी खुर्द निवासी स्वर्गीय वशिष्ठ तिवारी का पुत्र जन्मेजय तिवारी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के तहत 7 जुलाई को मुफ्फसिल थाना की गश्ती टीम छोटपुर हाईवे तीनमुहानी के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक वाहन मोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने संदेह होने पर उनका पीछा किया और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।पूछताछ के दौरान दोनों युवक बाइक से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल गोपालगंज जिले से चोरी कर लाई गई थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इस मामले में मुफ्फसिल थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों किसी अंतरजिला वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा इनके द्वारा अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया गया है या नहीं।
कार्रवाई में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह, थाना के अन्य पुलिसकर्मी तथा जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma