एसएसपी की क्राइम मीटिंग, साइबर अपराध पर कड़ाई और श्रावणी मेले की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

 


भागलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की अध्यक्षता में शनिवार को जिला पुलिस मुख्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम की रोकथाम और आगामी श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को मुस्तैदी से काम करने के कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी ने साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि साइबर मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें और ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही आम लोगों को ठगी से बचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान तेज करने को कहा गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी रखकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने की हिदायत दी। उन्होंने कांवरियों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित गश्ती और बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि मेले के दौरान विधि-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहे। एसएसपी ने थानों में लंबित कांडों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान (जांच) पर जोर दिया। इसके अलावा लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने, फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का आदेश दिया।

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। बैठक के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया गया। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी), सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), अंचल निरीक्षक (इंस्पेक्टर), सभी थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर