प्रशासन एकादश को हराकर पत्रकार एकादश ने जीता क्रिकेट टूर्नामेंट
नवादा, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नवादा के हरिश्चन्द्र स्टेडियम मैदान में प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में पत्रकार एकादश ने प्रशासन एकादश को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सहायक जिला पदाधिकारी प्रिंस राज, अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग तथा डीआरडीए के निदेशक सह जिला खेल पदाधिकारी रवि जी ने विजेता पत्रकार एकादश की टीम को शील्ड प्रदान किया।
पत्रकार एकादश के खिलाड़ियों ने जीत के बाद इसे किसी एक टीम की जीत नहीं, बल्कि जिले में आपसी सौहार्द और भाईचारे की जीत बताया। खिलाड़ियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे के करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं प्रशासन एकादश की ओर से सहायक जिला पदाधिकारी प्रिंस राज तथा अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग ने उपविजेता का शील्ड प्राप्त किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी और खेल भावना को बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद साहू, मनीष आनंद, डॉ. साकेत बिहारी, विशाल साहनी, राहुल वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले में सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहभागी बनने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करता है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन