नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
भागलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के शाहजंगी पंचायत के वार्ड नंबर 4 अजीज नगर में समाज को नई दिशा देने वाली एक सकारात्मक पहल सामने आई है।
गुरुवार देर शाम नशा मुक्ति अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण जनसभा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, बुजुर्गों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। बैठक में लोगों ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार को और समाज को बर्बाद कर देता है।
युवाओं का भविष्य अंधकार में चला जाता है! अपराध बढते हैं और परिवार टूटने लगते हैं। बैठक में मोहम्मद पप्पू ने बताया इस बैठक की आवश्यकता जरूरी थी। अब समय आ गया है कि पूरा समाज एकजुट होकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए।
मोहम्मद शमसीर आलम ने बताया कि बैठक में आए हुए लोग अपने बच्चों को नशा से दूर रखें और प्रशासन से सहयोग की अपील की है।
मोहम्मद गुलाम मुस्तफा ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान को लेकर एक अहम बैठक रखा गया था। जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। जिसमें सभी लोगों के समक्ष सचिन एवं अध्यक्ष का चुनाव हुआ।
बैठक में कई लोगों ने बारी-बारी अपनी बातों को रखा और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर