अवैध बालू ढुलाई पर शिकंजा, दो डबल डाला ट्रैक्टर जब्त
किशनगंज, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो डबल डाला ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र और किशनगंज थाना क्षेत्र में की गई। किशनगंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर के चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य पथ पर अर्राबाड़ी मदरसा के समीप जांच अभियान के दौरान अवैध बालू लदे एक डबल डाला ट्रैक्टर को जब्त किया।
अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता ने बताया कि गश्त के दौरान छत्तरगाछ की ओर से किशनगंज की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे ट्रैक्टर पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने ट्रैक्टर सड़क किनारे रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर की जांच की तो लाल रंग के डबल डाला ट्रैक्टर में बालू लदा मिला।ट्रैक्टर पर कोई पंजीकरण नंबर अंकित नहीं था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रख दिया।
जब्त ट्रैक्टर मैसी मॉडल 7250 डीआई बताया गया है। मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी गई है। वहीं, किशनगंज थाना क्षेत्र के करबला चौक के पास भी अवैध बालू लदे डबल डाला ट्रैक्टर को पकड़ा गया। इस कार्रवाई में चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में इस माह अब तक अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं।
सोमवार को खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर बालू का परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस एवं खनन विभाग की कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप है।अधिकारियों ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह