भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के 5 ठिकानों पर इओयू की छापेमारी

 


भागलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है।

ईओयू की टीमों ने एक साथ भागलपुर सहित 5 ठिकानों पर छापेमारी की है। अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद आज सुबह ही ईओयू की अलग-अलग टीमों ने अभियंता के ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी। भागलपुर में तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हनुमान पथ स्थित आलीशान पैतृक आवास है जहां छापामारी चल रही है। इसके अलावा मुंगेर बेलन बाजार, बंगाली टोला स्थित मकान, मुंगेर कार्यालय, मुजफ्फरपुर और पटना में छापामारी जारी है।

शुरुआती कार्रवाई में ही मुजफ्फरपुर स्थित 'राधिका अपार्टमेंट' के फ्लैट से 50 लाख रुपये कैश (नकद) बरामद होने की खबर है, जिसके बाद नोटों को गिनने के लिए मशीन मंगवाई गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ बुधवार को ही ईओयू थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिक जांच में उनके पास वैध आय से करीब 64.93% अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं, जो उनकी ज्ञात कानूनी आय से 83 लाख से भी ज्यादा है।

फिलहाल सभी ठिकानों पर छापेमारी जारी है। टीम उनके बैंक खातों, लॉकर, जमीन-जायदाद के कागजातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूरी जांच के बाद काली कमाई का यह आंकड़ा और बड़ा हो सकता है।

इस अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर