ड्रग्स, पशु तस्करी और जीएसटी फ्रॉड पर शिकंजा, एसपी ने तैयार किया विशेष फ्रेमवर्क
किशनगंज, 27 जून (हि.स.)। नेपाल और बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से घिरे सीमांचल के किशनगंज जिले में सक्रिय ड्रग्स, पशु तस्करी, जीएसटी फ्रॉड और एंट्री माफियाओं पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है।
जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने इन संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से एक विशेष इंस्टीट्यूशनल फ्रेमवर्क तैयार किया है। इसके तहत तीन अलग-अलग विशेष यूनिटों का गठन किया गया है, जिनमें जिले के तेजतर्रार पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को शामिल किया गया है।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि इन यूनिटों का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय उन संगठित गिरोहों पर सख्त कार्रवाई करना है, जो नेपाल से अवैध रूप से नेपाली मुद्रा का विनिमय, शराब, पशु और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधी न केवल देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर समाज के भविष्य को भी खतरे में डाल रहे हैं।
एसपी के अनुसार, फ्रेमवर्क की पहली यूनिट बॉर्डर मॉनिटरिंग सेल (बीएमसी) है। यह यूनिट अंतरराष्ट्रीय सीमा पर होने वाली अवैध गतिविधियों की निगरानी करने के साथ-साथ सीमावर्ती थानों की कार्रवाई पर भी नजर रखती है। इसके अलावा नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों से समन्वय स्थापित करना, सीमा पार की गतिविधियों की जानकारी जुटाना तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर कार्रवाई करना इस सेल की प्रमुख जिम्मेदारी है। तीसरी विशेष यूनिट एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन सूखे नशे और केमिकल ड्रग्स के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए किया गया है।
एसपी ने कहा कि सिंथेटिक और केमिकल ड्रग्स का बढ़ता कारोबार समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एएनटीएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि तीनों यूनिट आपसी समन्वय के साथ दिन-रात काम कर रही हैं और हाल के दिनों में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सफलताएं भी मिली हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि सीमांचल में संगठित अपराध और तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह