नशे के खिलाफ सुपौल में बड़ी कार्रवाई, अगस्त में 18 मामले दर्ज और 25 आरोपी गिरफ्तार
सुपौल, 01 सितंबर (हि.स.)।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस एवं संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। अगस्त माह में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशे से जुड़े 18 मामले दर्ज किए गए।
इन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में नशीले पदार्थों के नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोक, नशामुक्ति अभियान और जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग और प्रवर्तन एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करें। तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर उसका तत्काल आदान-प्रदान करते हुए आवश्यकता के अनुसार संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अगस्त में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए। इसमें 546.32 ग्राम स्मैक, चरस एवं ब्राउन शुगर, 638 लीटर कोडीन सिरप और 446 एमएल नशीला इंजेक्शन शामिल है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान छह मोटरसाइकिल, 13 मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन, एक तीन पहिया वाहन, एक पिस्टल और 17 कारतूस भी बरामद किए गए।
बैठक में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्ति से संबंधित गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी और कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र