16 सूत्री मांगों को लेकर सीपीआई (एम) ने दिया एकदिवसीय धरना,सौंपा ज्ञापन
अररिया 22 जुलाई(हि.स.)। सीपीआई (एम) ने अंचल सह प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को 16 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता लड्डू मेहतर ने की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।धरना में शामिल लोगों ने छात्रों की परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन और संसद मार्च का समर्थन किया। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने रसोई गैस की किल्लत दूर करने, मार्च 2026 में आंधी से प्रभावित किसानों को फसल व मकान क्षति का मुआवजा देने, सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने तथा जमीन से बेदखल परवानाधारियों को कब्जा दिलाने की मांग उठाई। इसके अलावा खाद्य बीज की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों के लिए उर्वरक, कीटनाशक व बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
धरना समाप्त होने के बाद 16 सूत्री मांगों का ज्ञापन अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा गया। कार्यक्रम में माकपा के जिला सचिव राम विनय राय, अंचल सचिव अजित पासवान, नगर सचिव चंद्रशेखर पासवान, सुबोध पासवान, रुबि देवी, राजकुमारी देवी, नुजहत बानो, हुसनारा और सुभाष कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर