गायत्री मंदिर में पहुंचीं साध्वी निष्ठा गोपाल, गो सम्मान अभियान को लेकर लोगों से किया जागरूक

 


पूर्णिया, 29 मई (हि.स.)।

कलाभवन रोड स्थित गायत्री मंदिर में गो सम्मान अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान से आईं साध्वी निष्ठा गोपाल ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए गो सेवा, गो संरक्षण और गो सम्मान को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने लोगों से गो माता की रक्षा और सेवा के लिए आगे आने का आग्रह किया।

बताया गया कि साध्वी निष्ठा गोपाल इन दिनों पूरे बिहार भ्रमण पर हैं और विभिन्न जिलों में जाकर गो सम्मान अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही हैं।

कार्यक्रम में अभियान से जुड़े पोस्टर और संदेशों के माध्यम से गो रक्षा, गो सेवा और गो सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि गो सम्मान अभियान के तहत पूरे भारत के प्रत्येक जिले से पांच लाख हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। इन हस्ताक्षरों को 27 जुलाई को संबंधित जिलों के जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा, जो राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन के रूप में भेजा जाएगा।

गो सम्मान अभियान से जुड़े राजीव कश्यप के आग्रह पर बड़ी संख्या में गो सेवा को प्राथमिकता देने वाले लोग कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान गायत्री परिवार के सदस्यों के अलावा श्री राम सेवा संघ के राणा प्रताप सिंह, पवन पोद्दार, आशीष मिश्रा, संजीव मिश्रा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गो सेवा, संरक्षण और समाज में जागरूकता बढ़ाने को लेकर सामूहिक प्रयास करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह