व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं छोड़ विकास के लिए एकजुट हो पार्षद : महापौर
सारण, 30 जुलाई (हि.स.)। छपरा नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की है। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक मतभेद भुलाकर बोर्ड की बैठकों में रचनात्मक भूमिका निभाएं, ताकि सड़क, नाला, पेयजल और स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति मिल सके।
महापौर ने स्पष्ट किया कि बोर्ड बैठक शहर की जनता के हितों के लिए सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है। लगातार हंगामे के कारण आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे सीधे तौर पर आम जनता को नुकसान पहुंच रहा है। इसलिए महापौर को गलत ठहराना अनुचित है।
उन्होंने छपरावासियों से अपील की कि वे अपने वार्ड पार्षदों से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता देने का आग्रह करें। नगर निगम सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार