ऑल्टो कार से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद,चार गिरफ्तार
अररिया 22 अप्रैल(हि.स.)।जिले की रानीगंज थाना पुलिस ने बीती रात्रि मिली गुप्त सूचना पर ऑल्टो कार से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया।मामले में पुलिस ने कार में सवार चारों युवकों को गिरफ्तार किया और कांड दर्ज करते हुए चारों युवकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
रानीगंज में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सरवाहा पुल होकर एक चार पहिया वाहन नशीले पदार्थों को लेकर जाने वाली है। सूचना मिलते ही एसआई अभिषेक कुमार,शेख हसीना सहित और शस्त्र पुलिस बल के साथ सरवाहा पुल के समीप वाहन चेकिंग शुरू किया गया।इसी क्रम में एक चार पहिया वाहन सरवाहा पुल के समीप पहुंचा तो पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगा,जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी के क्रम में ऑल्टो कार संख्या बीआर 07 एके 5726 से कुल सौ बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया।
पुलिस ने उक्त कार को जब्त करते हुए चारोें आरोपित को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपितों में सुपौल जिला के चरने गांव वार्ड संख्या 2 राजेश्वरी थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप यादव, सौरभ यादव, परसागढ़ी निवासी भजन कुमार और पुष्पराज कुमार शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर