सहकारिता में है रोजगार की असीम संभावनाएं, पैक्सों के विस्तार से समाज को होगा लाभ : मंत्री
पटना, 16 मार्च (हि.स.)। राज्य के चयनित पैक्सों और एफपीओं को सशक्त करने के लिए सोमवार को डीएनएस क्षेत्रीय सहकारिता प्रबंधन संस्थान में एंटरप्राइज डेवलपमेंट विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने कहा कि सहकारिता में रोजगार की असीम संभावनाएं, पैक्सों के विस्तार से समाज का लाभ होगा।
मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि सरकार पैक्सों को गोदाम, कॉमन सर्विस सेंटर, प्रशिक्षण जैसी कई सुविधाएं दे रही है, इसलिए पैक्सों का दायित्व बनता है कि वे समाज के अन्य लोगों तक इसका लाभ पहुंचाए।
पैक्सों का जितना अधिक विस्तार होगा उतना ही अधिक लाभ पैक्सों और समाज को मिलेगा। पैक्सों में शहद उत्पादन, बकरी पालन, वेजफेड आदि से संबंधित या कोई नया काम शुरू कर समाज को सुदृढ़ कर सकते हैं। अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझें और उसके समाधान का रास्ता ढूंढ़ें। सहकारिता में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं, बस सभी को साथ मिलकर काम करने की जरूरत है।
इस दौरान सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सभी पैक्सों और एफपीओं को उद्यमी के तौर पर विकसित करना है। इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पैक्स किसी एक व्यक्ति का नहीं है, यह एक लोकतांत्रिक संस्था है, इसमें सभी का बराबर अधिकार है। यहां सामाजिक भागीदारी कैसे बढ़े, इसके लिए प्रयास करना होगा। इससे यहां के लोगों को काम के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी।
इस मौके पर नाबार्ड, बिहार के मुख्य महाप्रबंधक गौतम सिंह, बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार, जीटी के कार्यकारी निदेशक रिशु रवि और अपर निबंधक विकास कुमार बरियार ने भी अपनी बातें रखीं। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी