रौतारा में प्रशासन की सीधी दस्तक : ग्रामीणों से रूबरू हुए कटिहार डीएम, डीडीसी डॉ. नेहा ने लाभुकों को सौंपे प्रमाण पत्र
कटिहार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान के लिए कटिहार जिला प्रशासन अब सीधे पंचायतों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी ने कोढ़ा प्रखंड की रौतारा पंचायत में आयोजित 'सहयोग शिविर' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने शिविर में पहुंचे आमजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों को उनके त्वरित निवारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने शिविर में प्राप्त आवेदनों के पंजीकरण, संबंधित विभागों को उनके अग्रसारण तथा निष्पादन की पूरी प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को कड़े निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि आमजन से मिलने वाले प्रत्येक आवेदन को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मामलों का निष्पादन नियमों के तहत निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से होना चाहिए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. नेहा ने विभिन्न लोक कल्याणकारी सरकारी योजनाओं से जुड़े परिवादकर्ताओं एवं पात्र लाभुकों को प्रमाण पत्र सौंपकर लाभान्वित किया। इस मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) अभिषेक रंजन सहित प्रखंड व अंचल स्तर के कई प्रमुख अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार, 'पंचायत तक प्रशासन की पहुंच – समस्याओं का समाधान आपके द्वार' की सोच के साथ इन सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं और प्रमाण पत्रों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय के कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, बल्कि गांव और पंचायत स्तर पर ही उन्हें सहज व सुलभ प्रशासनिक सेवा मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह