जनसमस्याओं के ऑन-द-स्पॉट समाधान के लिए मंगलवार को लगेगा 'सहयोग शिविर'

 


कटिहार, 06 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार (7 जुलाई) को जिले के सभी 16 प्रखंडों की चुनिंदा पंचायतों में विशेष 'सहयोग शिविर' का आयोजन करने जा रहा है। सोमवार को समाहरणालय के एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय समिति की उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करना है।

इन शिविरों में मुख्य रूप से दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र जैसे राजस्व मामलों के साथ-साथ आवास, पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त एफआईआर, पारिवारिक विवाद, चरित्र सत्यापन और महिला सुरक्षा से जुड़े पुलिस विभागीय मामलों पर भी त्वरित सुनवाई होगी।

बैठक में बाढ़ राहत कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई। डीएम श्री आशुतोष द्विवेदी ने सभी अंचलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि वर्ष 2025 की बाढ़ राहत (जीआर) राशि का वितरण हर हाल में केवल 'आपदा संपूर्ति पोर्टल' के माध्यम से ही किया जाए। पोर्टल पर सभी पात्र लाभुकों का डेटा अपडेट करने और किसी भी विसंगति का तुरंत समाधान करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने विभागों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर देते हुए सभी अंचलाधिकारियों को भूमि उपलब्धता से संबंधित लंबित अनापत्ति प्रमाण पत्रों का जल्द निष्पादन करने का आदेश दिया। साथ ही, बीडीओ को सीएससी केंद्रों के जरिए जीवन प्रमाणीकरण में तेजी लाने और 'मेरा युवा भारत' के तहत युवाओं का अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में शिक्षा, पर्यटन, परिवहन, मद्य निषेध सहित अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (आपदा) भौतिक रूप से मौजूद थे, जबकि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह