सहयोग शिविर में 6632 मामलों का त्वरित निष्पादन, 30 दिनों में मिलेगी हर समस्या से निजात : डीएम

 


कटिहार, 16 जून (हि.स.)। सरकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक आसानी से पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को जिले में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विभिन्न शिविरों का जायजा लेते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक की परेशानी को 30 दिनों के अंदर दूर करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले भर में इन शिविरों के माध्यम से अब तक प्राप्त कुल 7,418 आवेदनों में से 6,632 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मंगलवार को हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर प्राथमिक विद्यालय परिसर (मानापुर) और डंडखोरा प्रखंड के द्वाश्य पंचायत भवन में 'सहयोग शिविर' का निरीक्षण किया। इसके साथ ही दोनों प्रखंड परिसरों में 'प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर' में भाग लेकर उन्होंने आम लोगों की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही लाभुकों को निष्पादित समस्याओं के प्रमाण-पत्र अपने हाथों से सौंपे। डीएम ने शेष आवेदनों को भी शीघ्र निपटाकर 'सेवा संवाद समाधान पोर्टल' पर अपडेट करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

डीएम ने बताया कि आगामी 17 और 18 जून को कटिहार जिले के सभी प्रखंडों में दो दिवसीय 'प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर' का विशेष आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों को ई-केवाईसी, निबंधन और लाभ वितरण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।

इन शिविरों में आम नागरिकों को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली। शिविर में मुख्य रूप से दाखिल-खारिज, परिमार्जन, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना से जुड़े मामलों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस विभाग से संबंधित एफआईआर, पारिवारिक विवाद, चरित्र सत्यापन और महिला सुरक्षा जैसे मामलों का भी निवारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल स्टॉल और विभिन्न विभागों के हेल्प डेस्क भी लगाए गए थे।

गौरतलब है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के निवारण हेतु कटिहार जिले में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को इन शिविरों का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को प्रशासन के समक्ष सीधे अपनी बात रखने का मंच प्रदान करना है। मंगलवार को आयोजित इस शिविर में जिलाधिकारी के साथ-साथ जिले के अपर समाहर्ता (एडीएम) और संबंधित जिला स्तरीय व नोडल पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह