लगातार बारिश और तेज तूफान से किसानों की कमर टूटी, गेहूं-मक्का की फसल को भारी नुकसान

 


दरभंगा, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में बीते 18 घंटों से जारी बारिश और तेज तूफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खासकर गेहूं और मक्का की तैयार होती फसल को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है। खेतों में खड़ी फसल तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर गिर गई है, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

किसानों का कहना है कि इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों को झटका दे दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे फसल के सड़ने का खतरा बढ़ गया है। कटाई के करीब पहुंच चुकी गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है, वहीं मक्का की बालियों को भी नुकसान पहुंचा है।

किसानों के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से उन्हें आर्थिक रूप से भारी क्षति उठानी पड़ सकती है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी स्थिति को गंभीर बताते हुए सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर सहायता नहीं मिली तो किसानों की आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न हो सकता है।

इधर प्रशासनिक स्तर पर भी स्थिति का आकलन शुरू कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि सरकार उनकी समस्याओं को समझते हुए शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराएगी।

लगातार बदलते मौसम के कारण आई इस आपदा ने एक बार फिर किसानों की असुरक्षा और मौसम पर उनकी निर्भरता को उजागर कर दिया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra