रिचार्ज के बाद भी नहीं आई बिजली, विद्युत कार्यालय में उपभोक्ताओं का हंगामा
भागलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के मुजाहिदपुर बिजली कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचे।
उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्होंने अपने प्रीपेड बिजली मीटर का रिचार्ज करा लिया है, लेकिन इसके बावजूद उनके घरों की बिजली चालू नहीं हुई है।
बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कार्यालय में हंगामा किया और जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करने की मांग की।
वहीं इस पूरे मामले पर जब बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से बात करने की कोशिश की गई, तो वे कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
फिलहाल विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर