राजकीय डिग्री महाविद्यालय में मना संविधान दिवस, क्विज में लवली कुमारी रहीं अव्वल
सुपौल, 27 नवंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री महाविद्यालय सरायगढ़–भपटियाही में संविधान दिवस के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में 25 एवं 26 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल भावना, संवैधानिक आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान क्विज प्रतियोगिता और 'संविधान का महत्व' विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्य समारोह की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मो. एहसान ने कहा कि विद्यार्थियों को संविधान में निहित आदर्शों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक नागरिकों का निर्माण करना भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने प्राचार्य, सहायक प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है। विद्यार्थियों को इन संवैधानिक आदर्शों को अपने व्यवहार एवं दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।
राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका चित्रा साक्षी ने मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही लोकतांत्रिक संस्थाओं और व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन 25 नवंबर को आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में राजनीति विज्ञान की छात्रा लवली कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विभाग के राजकिशोर कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि इतिहास विभाग के मंजेश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। महाविद्यालय की ओर से तीनों विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापिका प्रीति ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्राचार्य, वक्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र