कटिहार: सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी

 


कटिहार, 12 जून (हि.स.)। जिले में 14 और 17 जून को होने वाली केन्द्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए गए। कटिहार जिले में बनाए गए कुल 25 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 36,000 से अधिक अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।

यह परीक्षा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा विभाग तथा परिवहन विभाग में कुल 4,000 से अधिक रिक्त पदों के लिए दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी, जिसके लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 08:00 बजे और अंतिम प्रवेश सुबह 09:00 बजे तक निर्धारित है। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक होगी, जिसमें रिपोर्टिंग दोपहर 01:00 बजे और अंतिम प्रवेश दोपहर 02:00 बजे तक ही अनुमन्य होगा।

परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए हैं। साथ ही केंद्र के 200 मीटर के दायरे में बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, व्हाइटनर और ब्लेड जैसी सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित है। किसी भी परीक्षार्थी को इन सामग्रियों के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिसकर्मियों द्वारा और पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष कर्मियों द्वारा सघनता से की जाए। परीक्षा के दिन सुगम यातायात और विधि-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

सफल संचालन हेतु नोडल अधिकारी, जोनल-सह-गश्ती दंडाधिकारी और स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश और फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है।

बैठक में जिलाधिकारी व एसपी के साथ अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह