25 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा संपन्न
भागलपुर, 14 जून (हि.स.)। पूरे बिहार के साथ भागलपुर में भी रविवार को सिपाही भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया। भागलपुर में परीक्षा की प्रथम पाली कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
दूसरी पाली की परीक्षा को लेकर परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि जिस तरह से उन्होंने तैयारी की थी, उसी के अनुसार प्रश्न पूछे गए हैं। परीक्षार्थियों ने कहा कि अगर परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष रहती है और किसी तरह का पेपर लीक नहीं होता है तो मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को सफलता मिलने की पूरी उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि भागलपुर जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। उसके बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर