सिपाही भर्ती परीक्षा: कटिहार जंक्शन पर हाई अलर्ट, अभ्यर्थियों के लिए चलीं स्पेशल ट्रेनें
कटिहार, 14 जून (हि.स.)। केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) परीक्षा को लेकर रविवार को कटिहार रेल प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में रहा। हजारों अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके साथ ही, कटिहार जंक्शन समेत रेल जिले के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व और कड़े इंतजाम किए गए।
पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुई हालिया घटना के मद्देनजर रेल प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी कटिहार जंक्शन पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेल एसपी हरिशंकर कुमार और आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के नेतृत्व में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश/निकास द्वार और परीक्षा स्पेशल ट्रेनों में लगातार संयुक्त सघन जांच अभियान चलाया गया। राजधानी एक्सप्रेस सहित सभी नियमित ट्रेनों की भी कड़ी चेकिंग की गई। इन स्पेशल ट्रेनों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पूर्णिया, अररिया और अन्य परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुए। हालांकि, कुछ ट्रेनों के देर से चलने के कारण अभ्यर्थियों को थोड़ी नाराजगी भी हुई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। वहीं, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस ने बताया कि सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए रेल डीएसपी अरुण कुमार अकेला स्वयं माइक लेकर अभ्यर्थियों को समझाते और निर्देशित करते नजर आए।
रेलवे और जिला प्रशासन की इस संयुक्त सतर्कता के कारण कटिहार जंक्शन पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और अभ्यर्थियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेजने का प्रभावी प्रबंधन देखने को मिला। इस पूरी व्यवस्था को सफल बनाने में सदर एसडीओ के अलावा आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार, एसआई बबलू कुमार और रेल थानाध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा की भूमिका बेहद सराहनीय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह