सुपौल में कांग्रेस का ‘दायित्व ग्रहण’ कार्यक्रम: युवा नेता अनुपम ने एकजुटता और संघर्ष का दिया संदेश

 


सुपौल, 05 अप्रैल (हि.स.)। सुपौल में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित ‘दायित्व ग्रहण’ कार्यक्रम के दौरान जिले की राजनीति में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने युवा नेता अनुपम का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।

इस अवसर पर अनुपम ने अपने संबोधन में कोसी क्षेत्र की ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती ज्ञान और आंदोलनों की भूमि रही है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर समाजवादी आंदोलनों तक देश को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र की इस महान परंपरा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी कांग्रेसजनों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना होगा। अनुपम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुट जाएं, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे अधिक खुशी तब होगी जब वे समाज और प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकें।

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने भी अनुपम पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे एक प्रभावशाली वक्ता और कुशल संगठनकर्ता हैं। उनके पास सामाजिक समझ, संगठन निर्माण की क्षमता और आंदोलनों का अनुभव है, जिससे पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। नेताओं ने यह भी कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें सुपौल जिले की जिम्मेदारी सौंपना एक दूरदर्शी निर्णय है, जिससे जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

अनुपम की पहचान एक आदर्शवादी युवा नेता के रूप में बताई गई, जो अपने सिद्धांतों और विचारों से कभी समझौता नहीं करते। कार्यकर्ताओं का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके अनुपम के नेतृत्व में जिले में कांग्रेस संगठन और मजबूत होगा। इस फैसले से कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद जगी है और वे आगामी दिनों में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।

अपने संबोधन में अनुपम ने यह भी कहा कि पार्टी उन जमीनी मुद्दों पर संघर्ष करेगी, जो आज अभिशाप का रूप ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोसी क्षेत्र के पांच प्रमुख मुद्दों को लेकर उन्होंने पहले भी आंदोलन चलाया है और आगे भी जनहित के सवालों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी नई ऊर्जा के साथ उभरेगी और जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज नारायण गुप्ता ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश मिश्रा ने किया। इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में पार्टी को मजबूत करने और आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। जहां मौके पर कांग्रेस नेता राज नारायण गुप्ता ,लक्ष्मण कुमार झा, पप्पू सिंह, शत्रुघ्न चौधरी,डॉ विश्वनाथ सराफ, सुभाष सिंह, अभय तिवारी, शिवनन्दन यादव, सुरेंद्र यादव, कौशल यादव , मो उस्मान, स्वाति मंडल, अमित झा, मो सगीर आलम ,सहित काफी संख्या में कांग्रेस के नेता मौके पर मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र