कांग्रेस सेवा दल ने वित्त रहित शिक्षकों के मांग को लेकर किया धरना-प्रदर्शन, डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

 




अररिया 14 जुलाई(हि.स.)। बिहार कांग्रेस सेवा दल के नेतृत्व में वित्त रहित शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित धरना स्थल में धरना दिया।राज्यव्यापी महाआंदोलन का 10वें चरण के तहत धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया।

आंदोलन के दौरान वित्त रहित शिक्षा नीति को समाप्त करने, शिक्षण संस्थानों के समायोजन तथा शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

धरना-प्रदर्शन में अररिया और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वित्त रहित शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, प्राचार्य, कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षा प्रेमी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा नीति में बदलाव की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस सेवा दल के बिहार अध्यक्ष डॉ. संजय यादव ने किया। उन्होंने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों की सभी मांगें पूरी तरह जायज हैं। वर्षों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों के साथ अब और अन्याय नहीं होना चाहिए।

वहीं कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश महासचिव आबिद हुसैन अंसारी ने कहा कि अरवल से शुरू हुआ आंदोलन पूरे बिहार में व्यापक रूप ले लिया है। वित्त रहित शिक्षक अपने अधिकारों के लिए पूरी तरह एकजुट हैं। वही सीमांचल कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रब्बानी ने सरकार से पित्त रहित शिक्षा नीति को तत्काल समाप्त करने और वितरहित शिक्षण संस्थानों को समायोजित करने की मांग की।

धरना प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र डीएम को सौपा गया। जिसमें शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, सामाजिक सुरक्षा आदि की मांग की गई।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश अध्यक्ष रुचि सिंह, प्रदेश महासचिव एवं पार्षद आबिद हुसैन अंसारी, जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष पवन कुमार, सीमांचल अध्यक्ष मौलाना गुलाम रब्बानी, पटना जोन अध्यक्ष अहमद राजा खान,फारबिसगंज प्रखंड अध्यक्ष शाकिब रेज़ा, मो. मोजाहिद, आचार्य शिव शंकर पाठक, संजय झा, प्रो. भावेश कुमार मिश्रा, प्रो. अजय कुमार झा, गुप्तेश्वर चौबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर