कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला विरोध मार्च
पटना, 25 सितंबर (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा शुक्रवार को आर ब्लॉक, चाणक्य होटल से राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय तक प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन एवं मार्च का आयोजन किया।
आर ब्लॉक चौराहे से शुरू होकर यह विरोध मार्च आगे बढ़ा जिसे पुलिस ने अटल पथ के निकट एमएलसी क्वार्टर के पास बैरिकेटिंग कर रोकने की कोशिश की। इस पर भी कांग्रेस के नेता जब नहीं रुके तो पुलिस ने वाटर कैनन खोल दिया। उसके बाद प्रदर्शन और नारेबाजी और जोर से होने लगी।
विरोध मार्च का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि हमारे नेता और देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मजबूती से चुनाव आयोग के कथित गोरखधंधे को बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व वोटर अधिकार यात्रा के माध्यम से उजागर किया था लेकिन केंद्र की सरकार और चुनाव आयोग ने इसे नकारा था।
लेकिन अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गलतियों को उन्हीं के सहयोगी दो अन्य चुनाव आयुक्तों ने उजागर करने की हिम्मत हमारे नेता राहुल गांधी के चेतावनी के बाद की है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के बैठकों में दर्ज आपत्तियों को नजरअंदाज करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने सत्ता के संरक्षण में लोकतंत्र को कमजोर करने की कवायद की है, इसलिए अविलंब उन्हें इस्तीफा देकर देश से माफी मांगनी चाहिए। विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव से पूर्व, बिहार में किए गए मनमाने एसआईआर की तरह ही लाभ लेने के उद्देश्य से वोटर्स मैपिंग की गई और भाजपा को अलोकतांत्रिक तरीके से चुनावी लाभ दिया गया जिसके कारण वहां भाजपा की जीत हुई।
उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है और भाजपा सरकार ने संविधान में संशोधन करके ऐसी व्यवस्था बना दी है कि वोट चोरी करने वाली चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त को आजीवन जेल नहीं होगी जो यह साबित करता है कि बड़े पैमाने पर यह गोरखधंधा चल रहा था। हमारे नेता के बार बार वोटर लिस्ट का इलेक्ट्रॉनिक डाटा मांगने के बाद भी नहीं उपलब्ध कराना और सीसीटीवी फुटेज देने से कि जाने वाली मनाही अब जाकर उजागर होने लगी है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और स्वच्छ तरीके से हो लेकिन जब चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ही मनमानी कर चुनाव परिणामों को बदलने की कवायद करेंगे तो फिर देश में लोकतंत्र की हत्या हो जाएगी, इसलिए ऐसे अनैतिक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा वरना कांग्रेस और उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि एसआईआर और मनमानी ढंग से चुनाव कराने के कारण मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार ने जितनी भी चुनाव को संचालित किया है उन राज्यों में पुनः चुनाव होने चाहिए, इसमें बिहार भी शामिल है। चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन एकतरफा और अनैतिक तरीके से कर रही है जो कि लोकतंत्र के लिए खतरा है।
प्रदर्शन और विरोध मार्च में इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, विधायक मनोज विश्वास, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी दास, बंटी चौधरी, ऋषि मिश्रा, डा संजय यादव, पंकज यादव मिन्नत रहमानी, स्नेहाशीष वर्द्धन पाण्डेय, कुमार आशीष,कमल कमलेश, राजीव मेहता, चन्द्रप्रकाश सिंह, डा कुमारी सोनी,प्रेमचन्द सिंह, डा अमन कुमार, उमैर खान, अफरोज खान जितेन्द्र नाथ पटेल,,मंजीत आनन्द साहू ,अनुराग चंदन, रीता सिंह, मृणाल अनामय, संजय पाण्डेय, अरूण पाठक, हीरा सिंह बग्गा, मनीष यादव, पूनम यादव, कुमारी अनिता, बिटटू यादव, सत्येन्द्र कुमार, राहुल भारद्वाज, अनुकूल राज सहित अन्य उपस्थित थें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त