तुष्टिकरण की नीति पर चल रही कांग्रेस, वंदे मातरम और नक्सलवाद के मुद्दे पर प्रीति शेखर ने राहुल गांधी को घेरा

 


भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

भागलपुर में गुरुवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस द्वारा अपने पार्टी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के सिर्फ दो छंद गाए जाने के प्रस्ताव को लेकर जमकर निशाना साधा। डॉ. प्रीति शेखर ने कांग्रेस के इस फैसले को तुष्टिकरण की राजनीति का एक और उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा, कांग्रेस लगातार देश की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। इतिहास का हवाला देते हुए भाजपा महामंत्री ने कहा कि वर्ष 1937 में मुस्लिम लीग के भारी दबाव में आकर तत्कालीन नेता जवाहरलाल नेहरू ने वंदे मातरम के केवल दो छंद गाए जाने पर सहमति जताई थी। आज उसी लीक पर चलते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस उसी पुरानी और तुच्छ नीति को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने साफ किया कि भाजपा कांग्रेस के इस राष्ट्रविरोधी फैसले को देश के जन-जन तक ले जाएगी और उनकी पोल खोलेगी। डॉ. प्रीति शेखर ने नक्सलवाद के मोर्चे पर भी कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों और सुरक्षाबलों को मिल रही लगातार सफलताओं से कांग्रेस के भीतर खलबली क्यों मची हुई है?

उन्होंने पूछा, क्या कांग्रेस देश से नक्सलवाद के पूरी तरह खत्म होने से खुश नहीं है? क्या वह एक बार फिर देश के मासूम युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को नक्सलवाद के उस खूनी दंश की ओर धकेलना चाहती है?

पत्रकार वार्ता के दौरान भागलपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार शाह सहित जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में प्रदेश महामंत्री के बयानों का समर्थन किया और कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ जमीनी स्तर पर अभियान चलाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर