27 जुलाई को जंतर-मंतर पर अररिया से सैकड़ों कार्यकर्ता होंगे शामिल : सैफ अली खान

 


अररिया 15 जुलाई(हि.स.)। कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग एवं अल्पसंख्यक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 27 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर घोषित राष्ट्रीय आंदोलन में अररिया जिला से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल होंगे। आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम एवं कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी संयुक्त रूप से करेंगे।

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अररिया के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने बुधवार को कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के कार्यकाल में दलितों, आदिवासियों और मुसलमानों के खिलाफ अत्याचार, हिंसा और भेदभाव की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। ऐसे मुद्दों पर देशव्यापी जनमत तैयार करने तथा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा की आवाज़ बुलंद करने के उद्देश्य से यह राष्ट्रीय आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार, विशेषकर सीमांचल के अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, दलित, मुस्लिम, युवा एवं सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले लोग इस आंदोलन में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचेंगे। सैफ अली खान ने जिले के सभी कांग्रेसजनों, अनुसूचित जाति विभाग, अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा संविधान में आस्था रखने वाले नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर