एआइएमआइएम भाजपा द्वारा संचालित पार्टी : सैफ अली खान

 


अररिया 18 अक्टूबर(हि.स.)। कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अररिया जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने एआइएमआइएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन से जुड़े कथित वायरल ऑडियो के संदर्भ में पार्टी की राजनीतिक भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सीमांचल से लेकर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक मजलिस की चुनावी रणनीति तथा उसके राजनीतिक प्रभाव की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए।सैफ अली खान ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित ऑडियो में आदिल हसन को अपने ही पार्टी के नामपल्ली विधायक माजिद हुसैन के संबंध में महिला उत्पीड़न से जुड़े आरोपों और औरंगाबाद के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के भाजपा से कथित संबंधों को लेकर बातें करते हुए सुना जा रहा है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित नेताओं का पक्ष सामने आना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि एआइएमआइएम भाजपा द्वारा संचालित पार्टी है, आम लोगों के बीच लंबे समय से यह राजनीतिक चर्चा होती रही है कि मीम की चुनावी मौजूदगी से कई सीटों पर धर्मनिरपेक्ष विपक्ष के मतों का बंटवारा होता है, जिसका चुनावी लाभ भाजपा को मिलता है। मजलिस को भाजपा की ओर से फंडिंग किए जाने के आरोप भी राजनीतिक बहस का हिस्सा रहे हैं।

सैफ अली खान ने कहा कि जब मीम के राष्ट्रीय प्रवक्ता के कथित बयानों में अपने ही दल के नेताओं और उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर गंभीर सवाल सुनाई देते हैं, तो इस चर्चा को और बल मिलता है कि पार्टी की चुनावी रणनीति से आखिर किसे फायदा पहुंचता है। यदि इन बयानों की पुष्टि होती है, तो एआइएमआइएम नेतृत्व को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि भाजपा की राजनीति का मुकाबला करने के लिए विपक्षी मतों की एकजुटता महत्वपूर्ण है। ऐसे में किसी भी दल की चुनावी रणनीति का मूल्यांकन इस आधार पर भी होना चाहिए कि उससे भाजपा को चुनौती मिलती है या विपक्षी मतों का बिखराव बढ़ता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर