कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’ लोकतंत्र के नाम पर राजनीतिक दिखावा और खोखली नौटंकी: प्रेम रंजन पटेल
पटना, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने बयान जारी कर कहा है कि कांग्रेस की तथाकथित ‘संविधान बचाओ यात्रा’ राजनीतिक पाखंड, जनता को भ्रमित करने की कोशिश और अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने का एक और अवसरवादी अभियान मात्र है।
उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए बार-बार संविधान की मर्यादाओं, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों की धज्जियाँ उड़ाई, आज वही कांग्रेस संविधान बचाने का ढोंग कर रही है। यह देश की जनता के साथ राजनीतिक छलावा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संविधान बचाने की बात करने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास और संविधान के साथ किए गए व्यवहार का जवाब देश की जनता को देना चाहिए। आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलना, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाना, विपक्षी नेताओं को जेल में डालना और लोकतंत्र की आवाज को दबाना क्या यही कांग्रेस का संविधान बचाने का मॉडल था। कांग्रेस का इतिहास संविधान की दुहाई देने का नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार में संविधान की मर्यादाओं को ताक पर रखने का इतिहास रहा है।
संविधान किसी राजनीतिक परिवार की निजी संपत्ति नहीं है, न ही सत्ता प्राप्ति और सत्ता बनाए रखने का कोई राजनीतिक औजार। कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता को परिवार केंद्रित राजनीति, वंशवाद और निजी हितों के लिए केवल इस्तेमाल किया।
लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है, लेकिन कांग्रेस की राजनीति लंबे समय तक एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही। आज जब देश लोकतांत्रिक चेतना, पारदर्शिता और जवाबदेही के नए दौर में आगे बढ़ रहा है, तब कांग्रेस संविधान की आड़ लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि संविधान केवल मंचों पर भाषण देने, यात्राएं निकालने, नारे लगाने और राजनीतिक फोटो खिंचवाने का विषय नहीं है। संविधान का सम्मान व्यवहार में दिखना चाहिए, शासन में दिखना चाहिए, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जिम्मेदारी में दिखना चाहिए और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में दिखना चाहिए। संविधान को अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करना और फिर उसी संविधान की रक्षा का ढोल पीटना कांग्रेस की दोहरी राजनीति को उजागर करता है। अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है। जनता कांग्रेस के राजनीतिक छल, झूठे झलावे और भ्रम फैलाने की राजनीति को भली-भांति समझती है। कांग्रेस जितनी बार संविधान बचाओ का नारा लगाएगी, जनता उतनी ही बार उसके अतीत, आपातकाल और सत्ता के दुरुपयोग के इतिहास को याद करेगी। देश अब किसी राजनीतिक दल के बहकावे, झांसे और भावनात्मक नारों में आने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों, गरीबों के अधिकारों, सामाजिक न्याय और समान अवसर की भावना को मजबूती देने का संकल्प लिया जा चूका है। संविधान का सम्मान किसी एक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है। संविधान सबका है, संविधान सर्वोपरि है और संविधान के सामने कोई परिवार, कोई दल और कोई व्यक्ति बड़ा नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब यह स्वीकार करना चाहिए कि संविधान किसी परिवार की जागीर नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का अधिकार, सम्मान और विश्वास है। संविधान बचाने का दिखावा बंद कर कांग्रेस को अपने इतिहास, अपनी गलतियों और लोकतंत्र के प्रति अपने आचरण का जवाब देना चाहिए। देश की जनता कांग्रेस के राजनीतिक पाखंड को पहचान चुकी है और अब किसी भी झूठे नैरेटिव से भ्रमित होने वाली नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त