कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी को लिखा पत्र,राज्यसभा चुनाव के दौरान अनुपस्थित रहे तीनों विधायकों पर कार्रवाई की मांग

 


अररिया 05 अप्रैल(हि.स.)।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सह कोशी प्रमंडल प्रभारी अबु रहमत अली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर राज्यसभा चुनाव के दौरान अनुपस्थित रहे तीन कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई की मांग की है।

पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए अबु रहमत अली ने फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास,मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह,वाल्मिकीनगर विधायक सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अली ने पत्र में तीनों विधायकों के कृत्य को पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक अनुशासन के प्रतिकूल करार दिया।पार्टी की छवि धूमिल होने के साथ ही जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के मनोबल में नकारात्मक प्रभाव पड़ने की बात कही।

निर्णायक कार्रवाई नहीं होने के कारण संगठन के भीतर असमंजस और असंतोष की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही गई।कार्यकर्ताओं के विश्वास और मनोबल के लिए पार्टी विरोधी हरकत करने वाले तीनों विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर