महंगाई, बेरोजगारी और नीट अनियमितता के खिलाफ कांग्रेस का पैदल मार्च, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
किशनगंज, 20 जून (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और अन्य जनसरोकार के मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाहबुल अख्तर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा गांधी चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम में किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद, विधायक कमरूल हुदा, बहादुरगंज विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी प्रो. मोसब्बीर आलम, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मो. आजाद साहिल, पूर्व जिला अध्यक्ष इमाम अली चिंटू तथा नगर अध्यक्ष सजल कुमार साह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव आश्रम से शुरू हुआ पैदल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं, छात्रों, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह