कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

 


अररिया 17 सितम्बर(हि.स.)।

अररिया में लगातार लगते जाम और उससे होने वाली परेशानियों के साथ ही जर्जर हो चुकी सड़क निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मासूम रेजा के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा।

सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि चांदनी चौक से डीबी 88 स्टेशन रोड, नवरतन चौक, जैन धर्मशाला और कोसी पुल तक जाने वाली इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। रात में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। उन्होंने सड़क का अच्छी क्वालिटी से फिर से बनाने की मांग की है।

मासूम रेजा ने कहा कि जब तक सड़क का स्थायी निर्माण नहीं होता, तब तक गड्डों को तुरंत भरा जाए और जरूरी मरम्मत कराई जाए। इससे आम लोगों को राहत मिलेगी।ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त को भी भेजी गई।

मासूम रेजा ने अररिया शहर में बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या पर भी डीएम का ध्यान खींचा।उन्होंने खासकर जीरोमाइल की हालत को चिंताजनक बताया है।जबकि यह शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है, जहां रोज जाम और सड़क दुर्घटनाओं की शिकायतें मिलती हैं।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने मांग की है कि जीरोमाइल पर ओवरब्रिज या फ्लाईओवर बनाने की पहल की जाए।जब तक यह नहीं हो पाता, तब तक आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल और सही ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम तुरंत लगाया जाए।

इसके साथ ही, जीरोमाइल के सौंदर्यीकरण के लिए अबुल कलाम साहब का तोरण द्वार बनाने का भी अनुरोध किया गया है।

जीरोमाइल से चांदनी चौक तक के रास्ते पर अक्सर लंबा जाम लगता है। इस रास्ते पर अस्पताल समेत कई जरूरी संस्थान हैं।जाम के कारण एम्बुलेंस और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचने में परेशानी होती है। यह एक बहुत गंभीर मुद्दा है।

मासूम रेजा ने अतिक्रमण की जांच, ट्रैफिक कंट्रोल और दूसरे जरूरी कदम उठाकर जाम की समस्या का स्थायी हल निकालने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर