कांग्रेस 30 वर्षों तक महिला आरक्षण विधेयक को पारित करने में असफल रही थी: संजय सरावगी
पटना, 03 अप्रैल (हि.स.)।
बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि 30 वर्षों तक कांग्रेस 'महिला आरक्षण विधेयक' पारित करने में असफल रही थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह विधेयक मात्र दो दिनों के भीतर पारित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधायी निकायों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलने में देरी न हो। साथ ही यह भी बताया कि इस बिल को संसद में लाकर 2029 के चुनावों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री का उद्देश्य महिलाओं को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से पीएम मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण से जुड़े फैसले लगातार लिए गए हैं। प्रधानमंत्री का लक्ष्य महिलाओं को आगे बढ़ाना, सशक्त करना और स्वावलंबी बनाना है।
प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' जैसे विधेयक पेश किए गए हैं।
उन्होंने कहा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आधी आबादी भी अहम भूमिका निभा रही है। निश्चित तौर पर आधी आबादी का आगे बढ़ना भारत के लिए शुभ संकेत है। आने वाले समय में जब संसद पहुंचकर 33 फीसदी महिलाएं देश का प्रतिनिधित्व करेंगी, तो वह दृश्य विकसित और सशक्त भारत की पहचान होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी विरासत, संस्कृति और परंपराएं सदियों से महिलाओं को 'देवी' और 'शक्ति' के रूप में पूजती रही हैं। हम सभी को महिला सशक्तिकरण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभारी होना चाहिए, जिन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में 'नारी शक्ति' को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त