नवमनोनीत जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा का अभिनंदन
भागलपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के दीपनगर स्थित कांग्रेस भवन में रविवार को सृजन साथी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे नवमनोनीत जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन मुज्जफर अहमद और अमित आनंद ने किया।
कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंड एवं पंचायतों से काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए। नए अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के मनोनयन से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह व उमंग था। जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा को एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके आवास से सैकड़ों मोटरसाइकिल से अगवाई करते हुए कांग्रेस भवन लाया। जहां स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्यों एवं वाद्यंत्रों से उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र गान से किया गया। तत्पश्चात टीएमबीयू की छात्राओं के द्वारा स्वागत गान गाया गया। उसके बाद सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं प्रबुद्ध कांग्रेस जनों के द्वारा बारी-बारी से फूल माला एवं अंगवस्त्रों से जिलाध्यक्ष का स्वागत किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसजनों में क्रमशः भागलपुर के जिला प्रभारी राहुल चौहान, कृषि विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रो विजय कुमार, सुरेश मोहन झा, डॉ शंभू दयाल खेतान, उग्रमोहन झा, अशोक ठाकुर (सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता), आफ़ताब आलम, डॉ प्रवीण झा, पवन पारीक, बनवारीलाल खेतान ,डा बिनोद अवस्थी ने अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा का स्वागत करते एवं बधाई देते हुए कहा कि श्री कुशवाहा एक मजबूत, संघर्षशील एवं सांगठनिक नेतृत्व के धनी व्यक्तित्व के मालिक हैं। इनके अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में जो उत्साह का संचार पैदा हुआ है, वो आज यहाँ सैलाब के रूप में दिखाई दे रहा है। इनके नेतृत्व मे भागलपुर कांग्रेस नई बुलंदियों को छुएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवमनोनीत जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा ने स्वागत एवं अभिनंदन करने के लिए सबके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन और पार्टी से बढ़कर मेरे जीवन में कुछ भी नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी ने जो मुझपे विश्वास जताया है उसपर मैं खरा उतरने की कोशिश करूँगा। सामने जो उत्साहित कायकर्तवों की भीड़ है, उनसे मैं अपील करता हूँ की मेरा स्वागत अभिनंदन कीजिए या ना कीजिए लेकिन हाथ से हाथ को मिला के मज़बूत कीजिए। पार्टी के इतिहास को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही सभी वर्गों दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए काम किया है। लेकिन आज की वर्तमान भाजपा एवं संघ की सरकार ने समाज में विभाजन पैदा कर सिर्फ सत्ता हासिल करने का काम करती है। मैं यह विश्वास दिलाता हूँ कि भागलपुर की सातों विधानसभा सीट एवं लोकसभा सीट कांग्रेस के झोली में लाके दूँगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर