संगठन सृजन अभियान को गति देने के लिए जिला पर्यवेक्षकों एवं बीपीसीसी कनेक्ट सेंटर की हुई बैठक
पटना, 18 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला पर्यवेक्षकों एवं बीपीसीसी कनेक्ट सेंटर की एक आवश्यक बैठक बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी का स्पष्ट निर्देश है कि संगठन में सेकंड लाइन और थर्ड लाइन के नेताओं को अवसर दिया जाए, साथ ही वरिष्ठ नेताओं का सम्मान भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर संतुलन और सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत 163 जिला पर्यवेक्षकों को विभिन्न जिलों में नियुक्त किया गया है, जो जनवरी माह से ही सक्रिय रूप से संगठनात्मक कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रखंड स्तर के नेताओं को जिला स्तर तक और जिला स्तर के नेताओं को प्रदेश स्तर तक आगे बढ़ाना है, ताकि संगठन को नई ऊर्जा मिल सके।
राजेश राम ने बीपीसीसी कनेक्ट सेंटर एवं सभी जिला पर्यवेक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने अत्यंत ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी जिला पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि प्रखंड अध्यक्षों की संभावित सूची 20 मार्च तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
बैठक का संचालन बीपीसीसी कनेक्ट सेंटर के मिन्नत रमानी ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त