पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरा करें जनगणना का प्री-टेस्ट : जिलाधिकारी
सारण, 02 जुलाई (हि.स.)। आगामी जनगणना के जनसंख्या गणना पूर्व परीक्षण को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सोनपुर नगर परिषद सभागार में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है।प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को फील्ड में पूछे जाने वाले प्रश्नों, प्रपत्रों के सही संधारण और डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान नागरिकों से संवाद स्थापित करने के तरीकों तथा संभावित व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर गहन चर्चा की गई।
जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि यह देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय गतिविधियों में से एक है, जिसके आधार पर सरकार जनकल्याणकारी नीतियों और विकास योजनाओं का निर्माण करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूर्व परीक्षण का मुख्य उद्देश्य वास्तविक जनगणना से पहले संपूर्ण व्यवस्था का परीक्षण करना तथा कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करना है। जिलाधिकारी ने सभी कर्मियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिला नोडल अधिकारी सह डीएसओ अंजनी कुमार लाल को अपनी टीम के साथ सक्रिय रहने तथा प्रतिदिन सत्र की समाप्ति पर जांच परीक्षा आयोजित करने की हिदायत दी।
सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी के माध्यम से अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार ने बताया कि यह प्री-टेस्ट मुख्य कार्य का एक ट्रायल है, जिसके तहत सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र के चयनित 10 वार्डों में 1 से 5 जुलाई तक आम जनता को स्व गणना का अवसर दिया जा रहा है। इस बार डिजिटल प्रक्रिया को अत्यधिक सरल और अपडेट किया गया है, जिससे अब लोगों को अपना गूगल लोकेशन खुद ढूंढना नहीं पड़ेगा, बल्कि मोबाइल इसे स्वतः ही ट्रेस कर लेगा। इसके अलावा, प्रगणक भी मोबाइल नंबर के माध्यम से सीधे संबंधित एसई का एचएलबी जान सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार