गैस सिलेंडर से जुड़े 193 शिकायतों में 115 का हुआ निष्पादन
अररिया 28 मार्च(हि.स.)। जिले में रसोई गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। रसोई गैस आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला आपूर्ति कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष में 17 मार्च से 28 मार्च तक कुल 193 शिकायतें दर्ज की गई है, जिनमें से 115 शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 78 शिकायतें लंबित हैं। लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित गैस एजेंसियों के एरिया मैनेजरों को निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज जिले की 10 गैस एजेंसियों पर छापेमारी भी की गई। इस दौरान आपूर्ति, वितरण और स्टॉक की जांच की गई। बताया गया कि सभी एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर