पिता के निधन के बाद बेटे को मिला सहारा, अनुकम्पा के आधार पर लिपिक बने आदित्य
कटिहार, 11 जुलाई (हि.स.)। स्व. सतीश कुमार रजक के पुत्र आदित्य कुमार को अनुकम्पा के आधार पर कटिहार समाहरणालय में निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्त किया गया है। 13 जून को हुई जिला अनुकम्पा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। आदित्य कुमार को 13 जुलाई 2026 तक जिला स्थापना प्रशाखा, कटिहार में अपना योगदान देना होगा, अन्यथा उनकी नियुक्ति रद्द मानी जाएगी।
आदित्य कुमार को वेतन स्तर-02 (वेतनमान 19900-63200) के तहत औपबंधिक रूप से नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के साथ ही यह शर्त रखी गई है कि आदित्य कुमार को अपने स्वर्गीय पिता के सभी आश्रितों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेनी होगी। यदि आश्रित परिवार के किसी सदस्य द्वारा शिकायत की जाती है, तो उनकी नियुक्ति समाप्त की जा सकती है।
आदित्य कुमार के पिता स्व. सतीश कुमार रजक, कटिहार अंचल कार्यालय में पूर्व लिपिक थे, जिनका सेवाकाल के दौरान 05 फरवरी 2022 को निधन हो गया था। आदित्य इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हैं और डहेरिया चौक, पुराना जूट मिल, कटिहार के निवासी हैं। उन्होंने नियुक्ति के लिए सभी आवश्यक प्रमाण पत्र और शपथ पत्र समर्पित कर दिए थे, जिसके बाद समिति ने सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी।
योगदान के समय आदित्य कुमार को सिविल सर्जन द्वारा निर्गत स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा, और पूर्व में किसी आपराधिक मामले में संलिप्त न होने का शपथ पत्र देना होगा। इसके अलावा, उन्हें दहेज न लेने/देने और मद्यपान न करने का भी शपथ पत्र देना अनिवार्य है। उन पर 1 सितंबर 2005 के बाद लागू अंशदायी पेंशन योजना (NPS) प्रभावी होगी। साथ ही, किसी भी प्रमाण पत्र के फर्जी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह