नेपाल के सांप्रदायिक हिंसा में पुलिस गोली से मरने वालों की संख्या हुई चार,धनुषा के तपसील में लगा कर्फ्यू

 


अररिया 04 अगस्त(हि.स.)।

नेपाल के सुनसरी के कप्तानगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा में पुलिस की ओर से चलाए गए गोलीकांड में मरने वालों की संख्या चार हो गई है।घटना में घायल एक और व्यक्ति की मौत इलाज के क्रम में हो गई।

पुलिस प्रमुख एसएसपी दिलीप घिमिरे के अनुसार, मंगलवार को घायल हुए 22 वर्षीय रविन्द्र मेहता का त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले, इसी इलाके के दो युवक ओम प्रकाश मेहता और जय प्रकाश मेहता उस समय मारे गए थे जब हिंदू और मुस्लिम समूहों के बीच हुई झड़प के दौरान पुलिस ने गोली चलाई थी। सिराहा औराही-2 तुलसीहाई के 15 वर्षीय गणेश यादव की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। दीवानगंज 3 के मेहता की मंगलवार को काठमांडू के टीचिंग हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई, उनके रिश्तेदार रोशन मेहता ने यह जानकारी दी।

प्रारंभिक उपचार के बाद, रविन्द्र को आगे के इलाज के लिए विराटनगर के विराट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। समुचित इलाज के लिए शुक्रवार को विराट नर्सिंग होम से एयर एम्बुलेंस द्वारा काठमांडू ले जाया गया था। विराटनगर में उनकी बाईं जांघ में गोली लगने से नस को गंभीर क्षति पहुंची थी, जिसके बाद उनकी नस की सर्जरी की गई। हालांकि, उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें एक शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया गया।इलाज के दौरान संक्रमण और जटिलताएं विकसित होने के बाद, गोली लगने से घायल हुए उनके बाएं पैर को डॉक्टरों की सलाह पर काटना पड़ा।

इस बीच,दीवानगंज के 18 वर्षीय अमित यादव का काठमांडू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। उन्हें विराटनगर के नोबेल टीचिंग हॉस्पिटल से रेफर किया गया था और नेपाल सेना के हवाई जहाज से काठमांडू ले जाया गया था। इस घटना में घायल हुए छह अन्य लोगों का विराटनगर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

उल्लेखनीय हो कि 20 जुलाई को दीवानगंज के कप्तानगंज में दो समूहों के बीच हिंसक झड़प को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा गोली चलाने पर दस लोग घायल हो गए थे,जिसके बाद सांप्रदायिक हिंसा के चपेट में नेपाल के कोशी और मधेश प्रदेश के साथ कई प्रदेश आ गया था और सड़क पर लोग उतरकर उग्र प्रदर्शन कर रहे थे।कई इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया,लेकिन स्थिति सामान्य होने पर धीरे धीरे कर्फ्यू में ढील देते हुए कई जगह से कर्फ्यू हटा लिया गया।

इसी बीच धनुषा जिला के तपसील में दो समुदाय के झड़प के मद्देनजर धनुषा जिला प्रशासन के द्वारा कर्फ्यू लगा दिया गया है।जुलूस,प्रदर्शन,सभा,घेराव आदि पर प्रतिबंध लगाते हुए सख्त आदेश जारी किया गया है।उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र पुलिस को सख्त आदेश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर