फर्जी जीएसटी कागजात के सहारे हो रहा था कोयला परिवहन, ट्रक जब्त

 

किशनगंज, 09 मई (हि.स.)। जिले में इंट्री माफिया और अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ पुलिस व राज्य कर विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार और शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान सदर थाना क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार, जब्त ट्रक में कोयला लदा हुआ था और परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे जीएसटी कागजात प्रारंभिक जांच में फर्जी पाए गए। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मामले में शनिवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।

पुलिस और राज्य कर विभाग की जांच में सामने आया है कि फर्जी जीएसटी दस्तावेज तैयार कर अवैध तरीके से कोयला परिवहन किया जा रहा था। इससे कर चोरी और नियमों के उल्लंघन की आशंका भी जताई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस पूरे मामले के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है, जो फर्जी कागजात के जरिए अवैध कारोबार संचालित कर रहा है।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह